ऊना। सदर थाना ऊना के अंतर्गत पनोह क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजीव शर्मा पुत्र जगदीश राम निवासी पनोह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अगामी कार्यवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार राजीव शर्मा अपने ढाबे के बाहर झाड़ू लगा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही राजीव शर्मा ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को नींद का झोंका आने के कारण यह दुर्घटना हुई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की कर रही जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल व्यक्ति की चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही।








