संतान न होने पर प्रताड़ना का आरोप, पति और सास पर मामला दर्ज
हरोली। हरोली थाना क्षेत्र के तहत गांव कांटे में एक महिला को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक अमनदीप कौर पत्नी रणजीत सिंह निवासी गांव कांटे को गत दिवस जहरीला पदार्थ सेवन करने की हालत में उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और मेडिकल जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अमनदीप कौर की बहन मनदीप कौर ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसकी बहन अमनदीप की शादी करीब 12 वर्ष पहले रणजीत सिंह के साथ हुई थी, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं है। इसी बात को लेकर उसका पति और सास उसे लगातार ताने देते थे तथा मारपीट भी करते थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार दो-तीन दिन पहले भी पीड़िता के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी शिकायत महिला थाना में दी गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि गत दिवस सुबह उसके पिता का फोन आया कि अमनदीप ने बताया है कि उसका पति रणजीत सिंह और सास तरसेम कौर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। जब वह अपनी बहन के घर पहुंची तो अमनदीप बरामदे में बैठी थी और उसके मुंह पर दवाई के निशान थे। आरोप है कि बहन ने बताया कि उसे जबरन कनक में डालने वाली जहरीली दवाई पिलाई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी रणजीत सिंह और उसकी मां तरसेम कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।








