हिमाचल दस्तक। रामपुर बुशहर
जिस तरह से अमेठी में आम लोगों सहित महिलाओं ने वर्षों से पारिवारिक सीट पर काबिज कांग्रेस के युवराज को हराया उसी तरह इस बार रामपुर भी 71 वर्ष के सूखे को समाप्त कर यहां कमल का फूल उगाएगा। ये बात भाजपा महिला सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कही। उन्होंने कहा कि जिस तरह से यहां पर महिलाओं की भारी संख्या आई है वह साफ तौर से बदलाव की तरफ इशारा है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ने जिस तरह से पिछले चार वर्षों में रामपुर के सामान्य व्यक्ति को ध्यान में रखते हुए काम किया है वह आज तक नहीं हो पाए। ननखड़ी में लोक निर्माण का डवीजन देना यहां की सडक़ों को जल्द सुधारेगा।
वहीं थेलीचकटी और ज्यूरी में उप तहसील का दर्जा देने से गरीब और सामान्य ग्रामीण को सीधा फायदा होगा। इतना ही नहीं संस्कृत कालेज देेकर यहां के ब्राह्मण समुदाय को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठे प्रधान मुख्या ने हमेशा से ही आम व्यक्ति को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को हित वो ही सोच सकता है जो खुद गरीबी से उपर उठा हो। इसके लिए केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में जयराम ठाकुर सामान्य घरों से निकलकर देश व प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं।