सोमी भूवेटा :चंबा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों सर्वोच्च सम्मान पदम श्री प्राप्त करने के बाद चंबा वापस लौटीं पदमश्री ललिता वकील का संस्थाओंं व लोगों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। जैसे ही ललिता वकील चंबा मुख्यालय पहुंची तो लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। लोगों की ओर से उनके उपर पुष्पवर्षा भी की गई। परिवर्तन स्वयं सहायता समूह के सदस्य, नॉट ऑन मैप के पदाधिकारी व सदस्य, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवीर नागपाल, डा. केशव, व्यापार मंडल के पदाधिकारी व सदस्यों ने ललिता वकील को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जिला चंबा के लिए गौरव की बात है।
वहीं, नॉट ऑन मैप संस्था के सह संयोजक मनुज शर्मा ने कहा कि चंबा के लिए आज खुशी का मौका है। पद्मश्री ललिता वकील की ओर से चंबा रुमाल की कला को सहेजने व इस दिशा में लगातार बेहतर कार्य करने से ही उन्हें यह सम्मान मिला है। इससे जिला चंबा के सभी लोगों को प्रेरणा मिली है।