हिमाचल दस्तक, कांगड़ा।
हिमाचल प्रदेश में हरी सब्जियों के दाम दोगुना से भी ज्यादा हो गए हैं। बरसात के मौसम में ऐसा हर बार देखने को मिलता है, लेकिन इस बार दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चले हैं। 20 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम मिलने वाली भिंडी ही 80 से 100 रुपये में मिल रही है।
भारी वर्षा से सब्जियों की फसल को काफी नुकसान होने के कारण इनके दाम में उछाल आया है। इससे आम आदमी का रसोई बजट बिगड़ रहा है और हरी सब्जियां थाली से गायब होने लगी हैं। इस वर्ष मानसून पहले ही आ गया है और भारी वर्षा होने से भारी तबाही हो रही है। इससे सब्जियों की फसलों को भी भारी नुकसान हो रहा है। मंडी, कुल्लू, लाहुल-स्पीति व अन्य जिलों में बाढ़ और भूस्खलन से कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। पंजाब से भी सब्जियों की आपूर्ति कम हो रही है। इस कारण सब्जियों के दाम दोगुने से अधिक हो गए हैं।
एक सप्ताह पहले भिंडी 20 रुपये किलो थी लेकिन अब 60 से 80 रुपये में बिक रही है। टमाटर पिछले सप्ताह 250 से 300 रुपये प्रति क्रेट बिक रहा था, अब 450 से 550 रुपये में बिक रहा है। दाम अधिक होने से कई परिवार हरी सब्जी कम खरीद रहे हैं।
किसानों का कहना है कि वर्षा ने उनकी सब्जियों को नुकसान पहुंचाया है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वर्षा के कारण सब्जियां जल्द खराब हो रही हैं, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। सब्जी मंडियों में जुलाई से अक्टूबर तक सब्जियों की आपूर्ति पंजाब, राजस्थान व दिल्ली से काफी कम हो जाती है। इस दौरान सब्जियों की कीमतें काफी बढ़ जाती हैं। नवंबर से जून तक पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों से सब्जियों की आपूर्ति बढ़ने से कीमतों में गिरावट आती है। इससे लोगों को राहत मिलती है।










