शिमला:
बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश में ठंड का कहर काफी बढ़ गया है। बर्फबारी के बाद प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के 8 शहरों में तापमान माइनस में चल रह है, जबकि कई जगहों में तापमान 1 और 2 डिग्री है। तापमान में आई गिरावट के कारण प्रदेश में लोग ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं।
चाहे ग्रामीण क्षेत्र हो या फिर शहरी क्षेत्र, सभी क्षेत्रों में लोगों को ठंड के कारण मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के ऊपरी जिलों में तापमान माइनस में होने के कारण जहां नलों में पानी जमना शुरू हो गया है, वहीं सड़कों और रास्तों पर बर्फ जमने से फिसलन बढ़ गई है।
ऐसे में लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। हालांकि रविवार को दिन में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप सिर चढ़ कर बोल रहा है। प्रदेश में अभी भी करीब 102 सड़कें बंद हंै। इसके कारण कई क्षेत्रों में यातायात अभी भी बंद है। ऐसे में प्रदेश के लोगों के लिए मुसीबतें अभी भी कम नहीं हुई हैं।
चार को फिर बर्फबारी
मौसम विभाग की मानें तो 4 फरवरी को प्रदेश के मध्यम एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर से बर्फबारी की संभावना है। हालांकि इस दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन बर्फबारी होने से प्रदेश के तापमान में फिर से गिरावट आने के आसार हैं। वहीं 6 फरवरी को सिर्फ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश होगी। इसके बाद 8 फरवरी तक मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
कहां, कितनी सड़कें बंद
शिमला जोन 70
मंडी जोन 12
कांगड़ा जोन 18
हमीरपुर जोन 00
एनएच 02
कुल सड़कें 102