हिमाचल दस्तक, घुमारवीं।
हाल ही में रातों रात ग्राम पंचायत कोठी के अंतर्गत घुमारवीं- कुठेडा रोड़ पर एक शराब का ठेका खोला गया है, जिसके चारों ओर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थल स्थित हैं। इनमें उत्तर दिशा में हनुमान मंदिर, पूर्व में दुर्गा माता मंदिर, पश्चिम में महाकाली मंदिर, तथा दक्षिण-पश्चिम दिशा में शिव मंदिर, बाबा बालक नाथ मंदिर एवं गोगा जाहरवीर मंदिर स्थित हैं। इन सभी मंदिरों में प्रतिदिन दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन हेतु आते हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक होती है।
जगदीश, रमेश भारद्वाज, सचिन शर्मा, चमन लाल इत्यादि लोगों ने बताया कि गत दिवस ग्राम सुधार सभा व त्रिलोक युवक मंडल पलसोटी की सयुक्त बैठक में शराब ठेके के विरोध में सर्व सम्मति से प्रस्ताव पारित कर इसे तुरंत बंद करने की मांग की गई थी तथा युवक मंडल की ओर से एसडीएम घुमारवीं को भी इस आशय का मांग पत्र दिया गया है लेकिन आज तक कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। महिलाएं धरना प्रदर्शन भी कर रही है लेकिन कोई जबाव नहीं मिल रहा है ।
उल्लेखनीय है कि इस शराब ठेके के ठीक सामने एक बस स्टॉप भी है, जहां से इन मंदिरों में आने वाले श्रद्धालु, विद्यालय जाने वाले बच्चे तथा आस-पास के गांवों त्यूं खास,कोठी, पलसोटी, राओ, कुरन्वाडी के निवासी नियमित रूप से आवागमन करते हैं। विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चे भी इसी बस स्टॉप से होकर गुजरते हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्थान पर शराब ठेका खोलना सामाजिक, धार्मिक और नैतिक दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ठेका खोलने से पहले इन सभी बातों का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे क्षेत्र की जनता में रोष व आक्रोश व्याप्त है।








