हिमाचल दस्तक ब्यूरो। चंबा
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का अस्थि कलश कांग्रेस पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला से शुक्रवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र पहुंचा। इससे पहले अस्थि कलश यात्रा वाहन का पार्टी समर्थकों ने चंबा विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश द्वार परिहार पहुंचने पर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर की अगुवाई में ब्लॉक महासचिव भानु प्रताप, प्रेस सचिव दीपक कुमार व सचिव देवराज शर्मा के संयुक्त दल ने वीरभद्र सिंह का अस्थि कलश जिलाध्यक्ष नीरज नैय्यर को सौंपा।
इस दौरान पार्टी समर्थकों ने वीरभद्र सिंह जी अमर रहे के नारे लगाए। कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले परिहार क्षेत्र मे कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने वीरभद्र सिंह के अस्थि कलश का स्वागत करके उनको पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद द्रहडा, चनेड़ , उदयपुर में भी समर्थकों व स्थानीय लोगों ने अस्थि कलश वाहन पर वीरभद्र सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करके उनको श्रद्धांजलि दी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वीरभद्र सिंह के अस्थि कलश वाहन के साथ अन्य वाहनों मे सवार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे चंबा बाजार की परिक्रमा की। इसके बाद वीरभद्र सिंह के अस्थि कलश को कांग्रेस पार्टी सेवादल की व्यवस्था में चंबा के कला केंद्र मंच पर स्थापित किया गया। यहां पर भी चंबा के लोगों के हुजूम ने पहुंच कर अपने प्रिय दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।