शिमला :
एक हफ्ते तक प्रदेश के निचले इलाकों में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। वहीं मध्यम एवं उच्च पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं। ऐसे में ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से प्रदेश के तापमान में एक बार फिर से गिरावटन आने की संभावना है।
प्रदेश में धूप खिलने से लोगों को कड़ाके की सर्दी से दिन के समय तो जरूर राहत मिली है, लेकिन रात के समय ठंड का प्रकोप अभी भी अपना कहर बरपा रहा है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट से ठंड काफी बढ़ गई है। ऐसे में लोगों को सुबह और शाम के समय कंपकंपाती सर्दी में ठिठुरना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। प्रदेश के कई शहरों में जहां पारा माइनस में चल रहा है तो वहीं राजधानी शिमल सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 1 स 3 डिग्री के आसपास ही है।
बुधवार को प्रदेश का सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति के केलांग मेंं दर्ज किया गया। यहां का न्यूतम तापमान -10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान बिलासपुर जिला के बरठीं में दर्ज किया गया है। यहां का अधिकत तापमान 22.6 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले दिनों हुई बर्फबारी से प्रदेश में अभी भी कई सड़कें बंद हैं, जिसके कारण कई क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही अभी भी ठप है। लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अभी भी 198 सड़कें बंद हैं।
कहां, कितनी सड़कें बंद
शिमला जोन 76
मंडी जोन 38
कांगड़ा जोन 83
हमीरपुर जोन 00
एनएच 1
कुल सड़कें 198