शकील कुरैशी। शिमला
प्रदेश विधानसभा में वीरवार को विपक्ष की ओर से सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, जिसमें विपक्ष के नेता ने सरकार पर ताबड़तोड़ हमले किए। उन्होंने सरकार पर कई आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह से विफल रही है लिहाजा मुख्यमंत्री व मंत्रियों को पद छोड देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के हर वर्ग को सरकार ने छला है। यहां कई बड़े घोटाले इस सरकार में हुए वहीं महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार क कार्यकाल में महिलाओं के साथ रेप के 1574 मामले सामने आए हैं जिसके अलावा 2354 मर्डर हुए और 189 मर्डर महिलाओं के हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में सीबीआई ने जांच क्यों नहीं की। जो असली अपराधी थे, उनपर कुछ नहीं किया गया।
सदन में बरपा हंगामा
अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में शुरू हुई चर्चा पर जब मुकेश अगिनहोत्री ने आरोप दागने शुरू किए तो खूब हंगामा हुआ। सत्तापक्ष की ओर से मंत्रियों व विधायकों ने जमकर विरोध किया और दोनों पक्ष आमने-सामने रहे। एक दूसरे के खिलाफ यहां पर नारेबाजी भी हुई और दोनों तरफ के विधायकों ने एक दूसरे पर आरोप दागे।