ऊना। जिला मुख्यालय के समीप बहडाला क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा पति पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल की पहचान शिव कुमार उर्फ बबलू (20) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी गांव दादूपुर, तहसील कायमगंज, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बहडाला के रूप में हुई है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शिव कुमार और उसकी 18 वर्षीय पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान पत्नी ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में शिव कुमार की बाजू और गुप्तांग पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।








