हिमाचल दस्तक। शिमला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ओक ओवर शिमला से भाजपा की एल.ई.डी. रथ यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत का सम्मान और गौरव बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हिमाचल प्रदेश से अलग भाव और लगाव है। यह उनकी कार्यशैली से भी साफ स्पष्ट होता है। उनका प्रदेश से स्नेह का रिश्ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों, योजनाओं व कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता के बीच ले जाने के लिए एल.ई.डी. रथ यात्रा अभियान आरम्भ किया गया है।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग पांच वर्ष के कार्यकाल में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रदेश निरन्तर खुशहाली और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की विस्तार से जानकारी भी दी।