हिमाचल दस्तक ब्यूरो। बिलासपुर
बिलासपुर के बरमाणा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत बुगाड़ (सुई सुराहड़) में एक 35 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक महिला के बेटों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने अपने दादा-दादी के खिलाफ मां को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर सायं शुभम चौधरी व उसका छोटा भाई अपने नए मकान से पुराने मकान में करीब साढ़े 7 बजे गए, जहां पर उनकी मां सोने के लिए जाती थी। उन्होंने काफी देर तक कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उनकी मां द्रोपदी ने दरवाजा नहीं खोला, तो उन्होंने दरवाजे को तोड़ कर खोला तो उनकी मां द्रोपदी दुपट्टे को पंखे के साथ बांधकर लटकी हुई थी।
उन्होंने उसे तुरंत फंदे से हटाया और उसे बिस्तर पर लेटाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्होंने तुरंत इस संबंध में पुलिस को सूचित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता के देहांत के बाद उनकी मां को दादा व दादी किसी न किसी बात को लेकर प्रताडि़त करते रहते थे।
उन्होंने ही उनकी मां को प्रताडि़त कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। पुलिस ने मृतक महिला के बेटों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।