फतेहपुर। फतेहपुर के तहत पड़ते रियाली क्षेत्र में सीआईए नूरपुर की टीम द्वारा लकड़ी से लदे सात वाहन जब्त किए जिनमे 6 एनसी बोलेरो और एक ट्रक है। बताया जा रहा है कि ये वाहन पंजाब की ओर जा रहे थे। कार्रवाई के बाद लंबे समय से चल रहे कथित अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के नेटवर्क पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में अवैध कटान और लकड़ी की तस्करी का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस संबंध में चिंता जताई गई, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पेड़ों पर लगातार कुल्हाड़ी चलती रही। टीम की कार्रवाई के बाद अब सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस जिला नूरपुर के एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह सीआईए नूरपुर की टीम ने नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान 6 एनसी बोलेरो और एक ट्रक पंजाब की ओर जाते हुए पाए गए। जब वाहन चालकों से लकड़ी संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वे वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
उन्होंने बताया कि कुछ वाहन वन परिक्षेत्र जवाली के पट्टा जाटियां, फतेहपुर रिंग और टकबाल क्षेत्र से तथा कुछ वाहन रैहन के सकरी क्षेत्र से संबंधित हैं। वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध थाना फतेहपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह कथित धंधा कब से चल रहा था तथा इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।








