शिमला। भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार गेंदबाज़ और विश्व कप विजेता टीम की सदस्य रेणुका सिंह ठाकुर को रेलवे ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए अधिकारी नियुक्त किया है। रेणुका के साथ स्नेह राणा और प्रतिका रावल को भी भारतीय रेलवे में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD–Sports) पद का सम्मान मिला है।
गौरतलब है कि यह तीनों खिलाड़ी पहले से रेलवे से जुड़ी हुई थीं, और अब उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने उन्हें अधिकारी स्तर की रैंक और सुविधाएँ प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस नियुक्ति के साथ रेणुका, राणा और रावल न केवल खेल के क्षेत्र में बल्कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों में भी अपनी भूमिका निभाने जा रही हैं। यह कदम रेलवे द्वारा उनकी असाधारण उपलब्धियों को औपचारिक सम्मान देने जैसा है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल के पारसा गांव से ताल्लुक रखने वाली रेणुका सिंह ठाकुर आज महिला क्रिकेट की अग्रणी तेज़ गेंदबाज़ों में शुमार हैं। पिछले चार वर्षों का उनका अंतरराष्ट्रीय सफर कई यादगार सफलताओं से भरा रहा है।
रेणुका सिंह ठाकुर ने 11 टेस्ट, 46 एक दिवसीय और 58 अंतराष्ट्रीय टी-20 मैच खेले है। इसमें रेणुका ने बेहतर इकानामी रनरेट के आधार पर अपनी शानदार स्विंग गेंदबाजी से वनडे में 62 विकेट, टी-20 में अब तक 68 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।