शिमला:
महाशिवरात्रि से एक दिन पहले प्रदेश में भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। हालांकि शिवरात्रि को भी मौसम खराब रहेगा, लेकिन इस दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 19 फरवरी से मौसम के खराब रहने का अनुमान है, जबकि 20 फरवरी को भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के निचले एवं मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के निचले इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश व ओलावृष्टि की संभावना है, तो वहीं मध्यम पवर्तीय क्षेत्रों में भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है।
प्रदेश में 22 फरवरी तक मौसम के खराब रहने का अनुमान है। हालांकि सोमवार और मंगलवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में अच्छी धूप खिलने के आसार हैं। वहीं रविवार को भी प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मौसम साफ रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार खिल रही धूप से तापमान में काफी सुधार आया है। हालांकि लाहौल स्पीति के केलंग व किन्नौर के कल्पा में तापमान अभी भी माइनस में चल रहा है, लेकिन प्रदेश के अन्य जिलों में तापमान में औसतन 4 से 10 डिग्री के बीच चल रहा है।
ऐसे में लोगों को कड़ाके की ठंड से काफी हद तक राहत मिली है। हालांकि निचले क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध अभी भी लोगों को परेशान कर रही है, लेकिन मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान में काफी सुधार है। रविवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहौल स्पीति के केलंग में दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान -4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।