कांगड़ा। पुलिस थाना नूरपुर के तहत आने वाले जसूर-तलवाड़ा राजमार्ग पर शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, जसूर स्थित सिनेमा हाल के पास एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान अनूप (34) पुत्र हरि सिंह निवासी कमनाला, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनूप जसूर की पुरानी सब्ज़ी मंडी में अपनी दुकान चलाता था। शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे वह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था कि सिनेमा हाल के पास उसकी कार सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी।
खाई गहरी होने और अंधेरा होने के कारण किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। युवक पूरी रात कार के अंदर फंसा रहा। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने जब खड्ड में गिरी कार देखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कार से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर के सरकारी अस्पताल भेजा।
परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अनूप अपने बूढ़े माता-पिता का इकलौता सहारा था। डीएसपी नूरपुर चंद्रपाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।