धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस की विशेष टीम ने धर्मशाला में एक युवक को चरस और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। धर्मशाला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी 22 वर्षीय लक्ष्य पुत्र रशपाल सिंह, निवासी इन्दौरा वार्ड नम्बर 7, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा, को 575.01 ग्राम चरस और 27 हजार की नकदी सहित गिरफ्तार किया है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह पाया गया कि आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था और पुलिस की निरंतर निगरानी में था। बीती मध्य रात्रि को जब जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम गश्त पर थी, उसी दौरान टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी हाल ही में चरस की बड़ी खेप लेकर धर्मशाला क्षेत्र में आया है और अपने एक मित्र के रिहायशी क्वार्टर बड़ोल धर्मशाला में ठहरा हुआ है।
सूचना की पुष्टि के पश्चात पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने पर छापा मारा और उसे रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 575.01 ग्राम चरस तथा 27 हजार नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज के आगामी कार्रवाई की है।