शिमला। हिमाचल युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के बाहर ‘वोट चोरी’ के विरोध में धरने-प्रदर्शन का आयोजन किया। इस दौरान युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने चुनाव आयोग के साथ ही केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए और लोकतंत्र बचाओ के नारे लगाए, साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी, प्रदेश महासचिव डॉ. रंजीत सिंह वर्मा व आर्यन चौहान के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों सहित कार्यकर्त्ताओं ने भाग लिया। अपने संबोधन में आर्यन चौहान ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी पर एक बड़ा सच देश की जनता के सामने रखा है।
आर्यन चौहान ने चेताया कि यदि लोकतंत्र की हत्या पर रोक न लगी तो युवा कांग्रेस तीव्र और व्यापक आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी के जो तथ्य पेश किए हैं, उस पर चुनाव आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वोट की चोरी अब नहीं चलेगी और भाजपा के हर हथकंडों की पोल तथ्यों के साथ जनता के सामने खोली जाएगी।
राज्य निर्वाचन कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस द्वारा पीएम मोदी का पुतला फूंकने का कदम प्रदेश में राजनीतिक हलचल पैदा कर रहा है। यह प्रदर्शन केवल विरोध का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह दर्शाता है कि युवा वर्ग और पार्टी नेतृत्व चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता औरलोकतंत्र की रक्षा को लेकर गंभीर हैं। युवा कांग्रेस ने इस कार्रवाई के माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश की है कि किसी भी तरह की वोट चोरी या चुनावी अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह घटना राजनीतिक माहौल को गरमाती है और नागरिकों तथा सरकार दोनों के लिए चेतावनी का संकेत देती है कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और ईमानदारी सबसे महत्वपूर्ण मूल्य हैं।