चंद्रमोहन चौहान, ऊना।
सब्जी मंडी ऊना के पास स्थित एक नशा निवारण केंद्र में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल सैणी पुत्र महिंद्र सिंह निवासी गुरूसर मोहल्ला ऊना के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद एएसपी ऊना प्रवीण धीमान सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर बाद नशा निवारण केंद्र के समीप खेतों में केंद्र के ही भर्ती साहिल सैणी घायल अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों की मदद से साहिल को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने फौरन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह भेज दिया। प्रथम दृष्टया में साहिल सैनी की मौत छत से गिरने की मानी जा रही है।