गायक जुबीन गर्ग की मौत की जांच तेज हो गई है. सीआईडी ने इस मामले में को-म्यूजिशियन और को-सिंगर को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले, कार्यक्रम आयोजक और जुबीन गर्ग के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया था. अब चार लोगों को हिरासत में लिया गया है. वहीं सिंगापुर पुलिस फोर्स ने जुबीन गर्ग की ऑटोप्सी रिपोर्ट भारत को सौंप दी है. साथ ही उन्होंने जनता को खास सलाह भी दी है.
गायक जुबीन गर्ग की संदिग्ध मौत के सिलसिले में, असम पुलिस के अपराध जांच विभाग (CID) ने गुरुवार, 2 अक्टूबर को उनके को-म्यूजिशियन शेखर गोस्वामी और को-सिंगर अमृतप्रभा महंत को गिरफ्तार किया. इस तरह इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या चार हो गई है.
विशेष जांच दल (SIT) के चीफ और सीआईडी के स्पेशल डीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने मीडिया को बताया कि एसआईटी/सीआईडी ने कई दिनों की पूछताछ के बाद, गोस्वामी और अमृतप्रभा महंत को गुरुवार की रात गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने कहा, ‘हमें उनके खिलाफ कुछ सबूत मिले हैं. इसलिए आगे की पूछताछ के लिए उनकी गिरफ्तारी जरूरी है.’
सिंगापुर पुलिस फोर्स ने भारत को दिया जुबीन का ऑटोप्सी रिपोर्ट
वहीं, जुबीन गर्ग मौत के मामले में सिंगापुर पुलिस फोर्स (एसपीएफ) का नया बयान सामने आया है. एसपीएफ ने बताया है, ‘सिंगापुर पुलिस ने दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उनके निधन पर एसपीएफ के प्रारंभिक निष्कर्षों की एक प्रति भारतीय उच्चायोग को उनके अनुरोध पर भेज दी है. मामले की पुलिस जांच जारी है. जनता को सलाह दी जाती है कि वे मृतक के सम्मान में, उनकी मृत्यु की परिस्थितियों से संबंधित कोई भी वीडियो या फोटो साझा न करें.
बुधवार को इनकी हुई थछी गिरफ्तारीइससे पहले बुधवार को असम पुलिस की सीआईडी/एसआईटी ने श्यामकानु महंत (सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक) और जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को गिरफ्तार किया था.
कामरूप (मेट्रो) जिले के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) ने श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ शर्मा को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया. दूसरी ओर, सीआईडी ने दर्ज मामले में बीएनएस अधिनियम के तहत हत्या का आरोप भी जोड़ा है.
जुबीन गर्ग का निधन
सिंगापुर में स्कूबा ड्राइविंग करते समय जान गंवाने वाले असमिया गायक जुबीन गर्ग के निधन को आज 15 दिन हो गए हैं. उनका निधन 19 सितंबर को सिंगापुर में हुआ था. उनके पार्थिव शरीर को पहले दिल्ली लाया गया और बाद में 21 सितंबर को गुवाहाटी पहुंचाया गया था. इस बीच, असमिया एक्ट्रेस निशिता गोस्वामी और जुबीन गर्ग के को-म्यूजिशियन शेखर ज्योति गोस्वामी 27 सितंबर को मौत की जांच के सिलसिले में असम पुलिस के सीआईडी के समक्ष पेश हुए. सीआईडी ने संदिग्ध मौत के संबंध में बीएनएस, 2023 की धारा 61(2)/105/106(1) के तहत मामला दर्ज किया है.







