हिमाचल दस्तक ब्यूरो। सुंदरनगर
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने भाजपा सरकार पर टेंडर आबंटन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुंदरनगर में से जारी एक बयान में सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी भाजपा नेताओं के इशारे पर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए सभी कायदे-कानूनों और नियमों को ताक पर रख कार्य कर रहे हैं। इससे प्रतीत होता है कि भाजपा का पूरा तंत्र भ्रष्टाचार में संलिप्त है।
उन्होंने कहा कि इस तरह का एक मामला नगर परिषद सुंदरनगर के एक टेंडर नोटिस में देखने को मिला है, जहां बीते 23 जुलाई को समाचार पत्र के माध्यम से एक टेंडर छापा गया, लेकिन टेंडर छपने वाले दिन ही 23 तारीख दोपहर 12 बजे तक टेंडर फॉर्म प्रदान किए जाने की बात प्रकाशित हुई।
सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि सरकारी कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया को लेकर नोटिस देने के 10 से 15 दिन पहले प्रकाशित किया जाता है, लेकिन इस प्रकार से टेंडर नोटिस प्रकाशित करना सरेआम नियमों की अवहेलना है।
सोहन लाल ने आरोप लगाया कि अपने चहेतों को कार्य देने और ऑनलाइन टेंडरिंग से बचने के लिए विभिन्न टेंडरों को 5 लाख की राशि में विभाजित कर टेंडर नोटिस प्रकाशित किया गया है। इससे कहीं न कहीं भाजपा सरकार की भ्रष्टाचार में संलिप्तता जगजाहिर हो गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का आदेश है कि 5 लाख से अधिक का जो भी टेंडर होगा, उसे ऑनलाइन भरा जाएगा। इससे 5 लाख से अधिक का टेंडर सरकार के चहेतों को नहीं मिल पाएगा। इसलिए सभी कायदे-कानूनों को ताक पर रखकर इस टेंडर को अलग-अलग भागों में बांट कर विभाजित किया गया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार से एक ही कार्य के लिए अलग-अलग ठेकेदार को कार्य आबंटित करने से उसकी गुणवत्ता का जिम्मेदार कौन होगा। उन्होंने कहा कि यह सब अपने चहेतों को कार्य आबंटित करने के लिए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा अपनाई जा रही प्रक्रिया सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा अपने चहेतों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाने के लिए बंदरबांट की जा रही है।