शैलेश सैनी। नाहन
जिला सिरमौर में मरीजों का अस्पताल पहुंचाने वाली जीवन दायिनी 108 एंबुलेंस सेवा खस्ता हालत में है। अधिकतर एंबुलेंस में मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। ऐसे में एंबुलेंस चालक रिस्क लेकर मरीजों को अस्पताल पहुंचा रहे हैं।
डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की 108 एंबुलेंस सेवा की हालत भी कुछ ऐसी ही है। यहां पर एंबुलेंस के टायर बिल्कुल घिस गए हैं। बावजूद इसके उन्हें लगातार सड़कों पर मरीजों को लाने के लिए दौड़ाया जा रहा है। एंबुलेंस चालक प्रबंधन से इस बारे कई मर्तबा मांग कर चुके हैं, मगर अभी तक टायर मुहैया नहीं हो पाए हैं।
मरीजों को 24 घंटे सेवाएं देने वाली यह एंबुलेंस सेवा कभी भी हांफ सकती है। ऐसे में यदि बीच रास्ते में एंबुलेंस के टायर पंक्चर या फट जाते हैं तो मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
यही हाल जिले के अन्य अस्पतालों में स्थित 108 एंबुलेंस सेवाओं का है। एंबुलेंस के खराब होने पर लोगों को आपातकालीन में सेवाएं नहीं मिल पाती।
सिरमौर जिले के पहाड़ी क्षेत्र में एंबुलेंस सेवाओं को अधिक जरूरत होती है। 108 सेवा न मिलने के कारण मरीजों को निजी गाड़ियों से अस्पताल पहुंचना पड़ता है। लोगों ने 108 प्रबंधन से इसकी हालत सुधारने की मांग की है।