विशेष संवाददाता। शिमला
हिमाचल में पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव की प्रक्रिया के तहत 109 वार्ड मेंबर निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इनके खिलाफ किसी ने भी नामांकन नहीं भरा लिहाजा इनका चुनाव नहीं होगा। शेष सीटों पर उप चुनाव 10 अगस्त को होने जा रहा है जिसकी सभी तैयारियां कर ली गई हैं। 217 सीटों के लिए कुल 463 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। छंटनी में 9 नामांकन पत्र रद्द किए गए जबकि 454 नॉमिनेशन सही पाए गए हैं।
शनिवार दोपहर बाद तीन बजे तक इच्छुक उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसके बाद सभी दावेदारों को आज ही चुनाव चिन्ह जारी किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए 10 अगस्त को मतदान होना है। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी।
प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड मेंबर की मतगणना उसी दिन पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी और उसी दिन रिजल्ट घोषित किए जाएंगे जबकि पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद की मतगणना 12 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय पर सुबह 9 बजे की जाएगी।
जिला परिषद झाखड़ी वार्ड का बड़ा उपचुनाव है क्योंकि यहां से पूर्व जिप सदस्य ने शिमला में आत्महत्या की थी। जिप सदस्य के लिए कुल चार ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। एक का नामांकन रद्द किया गया। एक जिला परिषद सीट के अलावा छह बीडीसी, 14 प्रधान पद, 17 उपप्रधान और 179 पंचायत वार्ड मेंबर के लिए उपचुनाव करवाए जा रहे हैं। 109 वार्ड मेंबर निर्विरोध चुन लिए गए हैं। ऐसे में 10 अगस्त को 70 वार्ड मेंबर के लिए भी मतदान होना है।
प्रत्याशी डोर टू डोर मांग रहे वोट
जिन पंचायतों में उपचुनाव होने हैं वहां प्रचार अभियान गति पकड़ चुका है। प्रत्याशी डोर टू डोर जाकर वोट मांग रहे हंै। आज नामांकन वापसी के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी कि किस पद के लिए कितने उम्मीदवार चुनावी समर में बचते हैं।
हिमाचल में पंचायतों के आम चुनाव जनवरी 2020 में ही हुए हैं लेकिन 217 सीटें अलग-अलग कारणों से काफी समय से खाली पड़ी हैं। कुछ पंचायत जन प्रतिनिधियों की मृत्यु या अन्य कारणों से सीटें खाली पड़्ी है। पंचायती राज एक्ट में किसी सीट के खाली होने की सूरत में छह महीने के भीतर इन्हें भरने का प्रावधान है। यही वजह है कि यहां पंचायती राज के उपचुनाव चल रहे हैं।