पुनीत वर्मा। सोलन
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जयनगर वालों ने जीत का जयघोष लगा दिया है, बाकी विपक्ष को धुनने का काम धुंधन कर देगा। जयनगर की जनता में जो जोश और उत्साह दिखा है, उससे एक नए रक्त का संचार हुआ है। अर्की विस क्षेत्र के जयनगर, धुंधन व कराड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि अर्की उपचुनाव केवल रत्न पाल का चुनाव नहीं, बल्कि क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्ता का है। जयनगर में उमड़ी भीड़ ने दिखा दिया है कि अर्की का लाल रत्न पाल हजारों वोटों से जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि इस जनसभा में नॉमिनेशन के समय से भी ज्यादा भीड़ नजर आई। भीड़ देख ऐसा लगा मानों इस क्षेत्र का बच्चा बच्चा रत्न पाल समझकर चुनाव लड़ रहा हो।
ठाकुर ने कहा कि अर्की के विकास में रत्न पाल का अहम योगदान है। विधानसभा क्षेत्र का विकास करना विधायक का काम होता है, लेकिन 4 वर्षों तक अर्की की एक भी मांग विधानसभा में नहीं रखी गई। स्व. वीरभद्र सिंह छह बार मुख्यमंत्री रहे, वे चाहते तो अर्की का विकास कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
वहीं, रत्न पाल लगातार लोगों के बीच आते रहे और अर्की की मांगों को सरकार के समक्ष रखते रहे। उन्होंने कहा कि पिछला एक वर्ष पूरे विश्व के लिए चुनौतियों भरा रहा है। विकसित देश कोरोना काल में अर्थव्यवस्था से जूझते रहे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत उन सभी चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ा और हमारे वैज्ञानिकों ने दो स्वदेशी कोविड रोधी वैक्सीन बनाने का चुनौनीपूर्ण कार्य पूरा किया।
आज देश सुरक्षित हाथों में
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज दुश्मन देश भारत की ओर गलत निगाह रखने से पहले यह देख लेते हैं कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित हाथों में है। पाकिस्तान ने उड़ी हमला किया लेकिन 24 घंटों के अंदर सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान में घुस मुंहतोड़ जवाब दिया। ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस करगिल युद्ध को कोई बड़ा युद्ध नहीं मानती है, लेकिन यह प्रदेश वीरों की भूमि है। इस युद्ध में दो परमवीर चक्र प्रदेश के वीरों को प्राप्त हुए हैं।
भाजपा ने मंडी संसदीय क्षेत्र से एक फौजी को अपना प्रत्याशी बनाया है। उससे भी कांग्रेस को बहुत तकलीफ हो रही है। भाजपा हमेशा से अपने सैनिकों का सम्मान करती है। मोदी सरकार ने अपनी सेना को आधुनिक मशीनें, टैंक और बुलेट प्रूफ जैकेट दिलाने का काम भी किया। इस अवसर पर अर्की चुनाव प्रभारी डॉ. राजीव बिंदल, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, त्रिलोक जम्वाल, आशुतोष वैद्य उपस्थित रहे।
कांग्रेस के प्रत्याशी और नेता फ्रस्ट्रेटेड, कुछ भी बोल देते हैं
बद्दी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को बद्दी और किशनपुरा में कहा कि उपचुनाव में प्रदेश की जनता केंद्र की मोदी व प्रदेश की जयराम सरकार की जनहितैषी नीतियों पर खुले दिल से मुहर लगाएगी। चारों सीटों पर भाजपा की जीत तय है, जिसे न तो कांग्रेस रोक सकती है और न ही कोई आजाद प्रत्याशी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता और प्रत्याशी फ्रस्टे्रटेड हैं, जनसभा में कुछ भी बोल देते हैं। कभी सैनिकों का अपमान किया जा रहा है तो कभी सहानुभूति का नाटक। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां आखिरी पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
कांग्रेस के पास न तो कोई विजन है, न ही कोई मुद्दा
अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस का कुनबा दम तोड़ चुका है। नेतृत्वहीन कांग्रेस अपने वजूद और अस्तित्व दोनों को बचाने की लड़ाई लड़ रही है। इससे पहले बद्दी व किशनपुरा में अनुराग ठाकुर का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बद्दी में स्वागत के दौरान जहां भारी संख्या में युवा उपस्थित रहे, वहीं किशनपुरा में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र कल्याण सभा ने अनुराग का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान युवाओं व खिलाडिय़ों की गर्मजोशी से अनुराग भी गदगद दिखे।