अनूप शर्मा। बिलासपुर
नम्होल पुलिस चौकी के तहत डाबर गांव में एक व्यक्ति ने जांच पर गए 2 पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट की व उनके कपड़े भी फाड़ दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गत बुधवार को आरक्षी विनोद कुमार, मुख्य आरक्षी महेंद्र पाल व राजेंद्र पाल एक ई-मेल के माध्यम से प्राप्त मामले के संबंध मे डाबर (क्यारड) में गए हुए थे। आरक्षी विनोद कुमार, मुख्य आरक्षी महेंद्र पाल व राजेंद्र कुमार दोपहर बाद धर्मपाल के घर पर पहुंचे, जहां पर पूर्व वार्ड सदस्य कर्मदेव सहित अन्य लोग भी मौजूद थे।
धर्मपाल पुलिस कर्मचारी विनोद, महेंद्र पाल व राजेंद्र को देखकर गुस्से में आया तथा उन पर व महेंद्र सिंह पर झपट पड़ा। धर्मपाल ने पुलिस कर्मचारी विनोद को गले से पकड़ा व उसकी लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
जब मुख्य आरक्षी महेंद्र पाल ने विनोद को छुड़वाने का प्रयास किया तो धर्मपाल ने महेंद्र पाल के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने आरक्षी विनोद की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने धर्मपाल के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। उधर, एसपी दिवाकर शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।