हिमाचल दस्तक ब्यूरो। बिलासपुर
राष्ट्रीय राजनीति में व्यस्तता के चलते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस बार दुर्गा पूजा उत्सव में भाग लेने के लिए अपने गृह जिला बिलासपुर नहीं आ पाएंगे।
गौरतलब है कि बिलासपुर में दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत जेपी नड्डा की धर्मपत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा ने लगभग 20 साल पहले की थी। दो दशक के इतिहास में यह महज दूसरा मौका है, जब नड्डा इस उत्सव में शिरकत नहीं कर पाएंगे।
उन्होंने बिलासपुर समेत पूरे प्रदेशवासियों को दशहरा पर्व की बधाई देने के साथ ही मां दुर्गा से सभी के सुखमय जीवन की कामना की है। शारदीय नवरात्रों के उपलक्ष्य में बिलासपुर में दुर्गा पूजा उत्सव एक विशेष पहचान बना चुका है।
उधर, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वदेश ठाकुर के अनुसार कुछ कारणों की वजह से जेपी नड्डा इस बार दुर्गा पूजा उत्सव में भाग लेने के लिए बिलासपुर नहीं आ पाए। उन्होंने बिलासपुर समेत पूरे प्रदेशवासियों को दशहरा पर्व की बधाई दी है। साथ ही मां दुर्गा से सभी के अच्छे स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना भी की है।