रोहित/सुशील/राजीव भनोट। चिंतपूर्णी
हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भरवाईं में संपन्न हुई। बैठक के समापन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री का बैठक में पहुंचने पर महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष रश्मि सूद, महासचिव वंदना व शीतल ब्यास के नेतृत्व में जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मां चिंतपूर्णी का स्मृति चिन्ह व चुनरी देकर सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में सभी की भागीदारी सुनिश्चित की गई है और सब के सहयोग से भाजपा आगे बढ़ी है और राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी ताकत बनकर उभरी है।
उन्होंने कहा कि देश के अनेक हिस्सों में जहां महिलाओं की राजनीति में भागीदारी कम देखी जाती है, वहीं हिमाचल प्रदेश में महिलाओं की राजनीति में सक्रिय भागीदारी है और प्रदेश में 50% आरक्षण तो महिलाओं को चुनावों में दिया ही गया है, इसके अलावा राजनीतिक कार्यक्रमों में भी महिलाएं बढ़-चढ़कर के भाग लेती हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा सक्रियता के साथ काम कर रहा है और सरकार की नीतियों को भी आगे पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही आगे बढ़ता है और इसका प्रमाण राष्ट्रीय स्तर पर देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने संविधान में ऐसी व्यवस्था बनाई है जिसमें हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो। सफल कार्यसमिति करने पर उन्होंने महिला मोर्चा को बधाई भी दी।