ललित ठाकुर । पधर : द्रंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 35 वीं पुण्यतिथि तथा सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। समारोह का आयोजन पार्टी कार्यालय पधर में किया गया। जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वामन देव ठाकुर ने की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी और बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वामन देव ठाकुर ने कहा कि तीन बार देश की प्रधानमंत्री रह चुकी स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने देश को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक समरसता में मजबूत करने के साथ-साथ रक्षात्मक दृष्टि से मजबूती प्रदान की है। कांग्रेस पार्टी आज भी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के पद चिन्हों पर चलते हुए राष्ट्र के लिए समर्पित है।
इंदिरा गांधी ने देश मे गरीबी हटाओ का नारा देते हुए बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर गांव गांव में बैंक खोले। बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने जैसा साहसिक फैसला लेने और पृथक बांग्लादेश के गठन और उसके साथ मैत्री और सहयोग संधि करने में सफल होने के बाद इंदिरा गांधी तेजी से भारतीय राजनीति के शीर्ष पर छाई।
इंदिरा की ऐतिहासिक कामयाबियों के चलते उस समय देश में ‘इंदिरा इज इंडिया, इंडिया इज इंदिरा’ का नारा जोर-शोर से गुंजा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ऐसी महान विभूतियों के पद चिन्हों पर चलते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष केहर सिंह ठाकुर, अनुसूचित जनजाति विभाग कांग्रेस के अध्यक्ष वीर सिंह यादव, दलीप सिंह, धर्म सिंह, दुनी चंद, रतन चंद, रतिराम परश राम, हरीश कुमार, शेष राम, गोपाल सिंह और चंद्रशेखर सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।