हिमाचल दस्तक। स्वारघाट
उपमंडल स्वारघाट व नालागढ़ की सीमा पर मध्य हिमालय जलागम परियोजना के तहत बनाए गए झीलनुमा चेकडैम में बारिश के बाद मारी गई हजारों मछलियों को पंचायत प्रशासन द्वारा बाहर निकाल कर एक गड्ढे में दफना दिया गया।
ग्राम पंचायत जुखाड़ी के प्रधान राकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि उक्त चेकडैम की देखरेख फिलहाल कोई नहीं कर रहा था। इसे मध्य हिमालय जलागम परियोजना के तहत बनाया गया था। किसी व्यक्ति ने इसमें मछलियां डाली थीं, जिनकी संख्या काफी बढ़ गई थी। गत दिनों भारी बारिश और ओलावृष्टि के बाद हजारों की संख्या में मछलियां मरी पाई गईं।
जब मत्स्य विभाग द्वारा पानी की जांच की गई तो उसमे ऑक्सीजन की कमी पाई गई जिसकी वजह से इतनी बड़ी संख्या में मछलियां मरी हैं। चेकडैम को साफ करने के लिए मछुआरों को बुलाया गया है तथा मारी गई मछलियों को चेकडैम से बाहर निकाल कर एक गड्ढे में दफना दिया गया है, ताकि कोई बीमारी न फैले।
अब ग्राम पंचायत इस चेकडैम को अपने अधीन लेकर खुद देखरेख करेगी तथा समय-समय पर इस चेकडैम की मछलियों को बेच कर पंचायत की आमदन को भी बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अपने घरों व दुकानों का कचरा झील के आसपास खुले में न फेंकें।