साहिल डढवाल। नूरपुर
पठानकोट-मंडी फोरलेन प्रभावितों के समर्थन में बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। पूर्व सांसद चंद्र कुमार और जिला कांगड़ा कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन की अगुवाई में यह ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और प्रदेश के वन मंत्री पर जमकर भड़ास निकाली। इस दौरान पूर्व सांसद चंद्र कुमार ने कहा कि लैंड एक्विजिशन एक्ट 2013 के तहत जिस भी व्यक्ति की भूमि अधिग्रहित की जा रही है, उस व्यक्ति को मार्केट रेट से 5 गुना अधिक मुआवजा देना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार इस एक्ट को नजरअंदाज नहीं कर सकती और लोगों को इसी एक्ट के अनुरूप मुआवजा देना होगा। वहीं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजय महाजन ने कहा कि 3 साल पहले यह लड़ाई शुरू हुई थी जिसमे संघर्ष समितियां बनी।
उन्होंने कहा कि आज भी यह लोग अपने हक के लिए तरस गए हैं। कई बार मंत्री के पास गए लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि हम सड़कों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन ऐसी सड़क का क्या करना जिससे लोग सड़कों पर आ जाएं।
उन्होंने कहा कि इसमें भू-अधिग्रहण से लेकर मुआवजा राशि वितरण करने में कई खामियां हैं। उन्होंने कहा कि वन मंत्री अब नूरपुर को जिला बनाने की बात कर रहे हैं लेकिन हमेशा जिला की बात करने वाले कभी फोरलेन की बात नहीं करते।
उन्होंने कहा कि जब तक लोगों को उनका हक नहीं मिलता, कांग्रेस संघर्ष समितियों के साथ मिलकर यह लड़ाई जारी रखेगी।