टेकचंद वर्मा, वरिष्ठ संवाददाता ( शिमला )
केन्द्र सरकार ने राज्य के लिए राज्य आपदा राहत निधि एसडीआरएफ 2022-23 की दूसरी किश्त जारी कर दी है। केन्द्र सरकार द्वारा दूसरी किश्त के रूप में 171.20 करोड़ रूपये की राशि प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर नेे एसडीआरएफ की दूसरी किश्त जारी करने के लिए केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इसमें प्रदेश सरकार द्वारा भी 10 प्रतिशत यानि 19.20 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। इस तरह राज्य आपदा राहत निधि की द्वितीय किश्त 190.40 करोड़ रुपये हो जाएगी।
इससे प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान के दृष्टिगत प्रभावितों की सहायता के लिए समुचित सहायता राशि उपलब्ध करवाई जा सकेगी। इससे अन्य राहत एवं पुन: निर्माण कार्य भी सुचारू रूप से चलाए जा सकेंगे। हिमाचल प्रदेश में मौजूदा मानसून सीजन के दौरान बारिश ने जमकर कहर बरपाया है।
राज्य के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन और बादल फटने की अनेक घटनाएं पेश आई है। जिसमें 286 लोग अपनी जाने गवा चुकें है। जबकि अभी भी 8 लोग लापता चल रहे है। आपदा में 719 पशु भी मारे गए है। वहीं 1845 रिहायशी मकान, दुकानें, गौशालाएं व घराट भी क्षति ग्रस्त हुए है। भूस्खलन होने के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण मार्ग, पेयजल परियाजनाओं व विद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
बारिश से प्रदेश में अभी तक 1823.56 करोड का नुकसान हो चुका है। प्रदेश में बीते दिनो के दौरान केन्द्रीय टीम द्वारा भी नुकसान का आंकलन लगाया गया था। नुकसान का आंकलन लगाने के बाद केन्द्रीय दल वापिस लौट गया है। प्रदेश को द्वितीय किश्त जारी होने के बाद आपदाओं से हुए नुकसान की सहायता के लिए प्रभावित लोगों को समुचित राहत सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।