देहरा : सचिन शर्मा
उपमंडल देहरा में लोगों के घरों से रहस्यमयी तरीके से पानी निकल रहा है। जिसको देखकर यहां हर कोई हैरान है। यह घटना देहरा व बाड़ी गांव से सामने आ रही है। फिलहाल पानी निकलने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन ग्राम पंचायत बाड़ी खास के लगभग दर्जन भर घरों से पानी निकल रहा है। दीवारों से निकल रहे पानी में तेल की तरह चिकनाहट भी है। यहां से पानी निकलने का वीडियो भी सोशेल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। दिन रात निकल रहे पानी से लोग यहां सहमे हुए हैं। बाड़ी गांव के महिंदर सिंह ने बताया कि वह पिछले एक हफ्ते से परेशान थे। उन्होंने कहा कि वह समझ रहे थे कि हो सकता है बच्चों ने पानी फैंका हो। लेकिन रोजाना ही पानी दीवारों से निकल रहा है और हम पोछा लगा लगा कर भी थक गए हैं।
इस घटना को लेकर लोगों में संशय बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार यह घटना तापमान में हो रहे बदलाव की वजह से हो रही है। देहरा में विभिन्न स्थानों पर घरों के फर्श और दीवारों से पानी निकलने के मामले सामने आ रहे हैं। बिना बारिश के ही घरों में पानी निकलने की घटना के बाद से लोगों में तरह-तरह की अफवाहें फैलना भी शुरू हो गई है। कई इसे दैवीय प्रकोप से भी जोड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटना पहली बार हुई है। इस घटना के बाद से लोगों के मन में किसी अनहोनी को लेकर डर पैदा हो गया है।
बाड़ी गांव की प्रवीण कुमारी ने बताया कि उन्होंने पहली बार ऐसा देखा है। उन्होंने कहा कि पानी दीवारों व फर्श से निकल रहा है। पानी तेल की तरह चिकना भी है। उन्होंने कहा कि पूरा दिन पोछा लगाने में निकल रहा है। डर है कि कहीं मकान भी न गिर जाए। इसलिए प्रशासन तुरंत कोई जानकारी दे। वहीं श्रेष्ठा देवी ने कहा कि उनके घर से अचानक पानी निकल रहा है। जिससे वह काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि हमनें पहले बच्चों को डांटा। लेकिन जब घर के सभी कमरों में पानी निकलने लगा तो हम डर गए। पक्के घरों के साथ साथ कच्चे घरों की दीवारों व फर्श पर पानी बहना शुरू हो गया है।