- हिमाचल में आज से रफ्तार पकड़ेगा मानसून
- आज भारी से भारी बारिश, ओरेंज अलर्ट जारी
- 6 से 8 जुलाई तक भी बहुत भारी बारिश होने का अलर्ट
- बीते 24 घटों के दौरान सामान्य रहा मानसून
- धूप खिलने से उमस ने छुडाए पसीने
टेकचंद वर्मा, शिमला
हिमाचल प्रदेश में मानसून आज से पूरी रफ्तार पकड़ लेगा। मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला द्वारा मंगलवार को समूचे राज्य में भारी से भारी बारिश व ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया है। 6 से 8 जुलाई तक भी बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। हालांकि राज्य में मानसून की रफ्तार सामान्य चल रही है। मगर अगामी दिनों के दौरान मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश होने से भूस्खलन के खतरे की सभावना जताई है। विज्ञान केन्द्र ने लोगों को परामर्श दिया है इस दौरान पूरी तरह से सावधानी बरतें।
प्रदेश के अधिकाशं स्थानों पर बीते 24 घटों के दौरान मानसून पूरी तरह से सक्रिय रहा। राज्य के मैदानी इलाकों के साथ पहाडों पर कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। हमीरपुर में सबसे ज्यादा 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा भोंरज में 50, मनाली में 42, सरकाघाट में 35, कुमारसैन में 33, जझैली में 32, जुब्बल हट्टी में 29, नाहन में 25, गगल में 25 और बंजार में 22 मिलीमीटर बारिश हुई है।
सोमवार को प्रदेश में मौसम साफ बना रहा। पहाडों पर दिन के समय धूप भी खिली रही। मगर दोपहर बाद काले बादलों के घिरने के साथ साथ धुंध घिरनी शुरू हो गई थी। मगर दिन के समय हल्की धूप खिलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करते हुए देखा गया। खासतौर मैदानी इलाकों में लोगों को ज्यादा उमस भरी गर्मी की मार झेलनी पड़ी। अधिकतम तापमान में बीते रोज के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा दर्ज किया गया है।
मौमस विज्ञान केन्द्र शिमला के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश में भारी बारिश होगी। बारिश के साथ साथ कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी कहर बरपा सकती है। 6 से 8 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश होगी। ऐसे में उक्त अवधि के दौरान राज्य के कई स्थानों पर भूस्खलन की घटना पेश आ सकती है।