हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन
जनता की आवाज को दबाने की जो कोशिश भाजपा ने की है उसी जनता के जनादेश ने भाजपा को उपचुनाव में बड़ा सबक सिखाया है।यह बात बुधवार को नाहन में पत्रकारों के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कही।
सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी के पिता के देहांत पर शोक व्यक्त करने नाहन पहुंचे थे। शोक व्यक्त करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि 3 विधानसभा तथा एक लोक सभा सीट के उपचुनाव में भाजपा की सरकार को जो अहम था उस अहं को तोड़ने का जनता ने परिचय दिया है।
सुक्खू ने कहा कि देश व प्रदेश में महंगाई आसमान को छू रही थी। बीते उपचुनाव में भाजपा के नेता महंगाई तथा आम आदमी से जुड़े मुद्दों पर ना बोल कर कभी कारगिल तो कभी पाकिस्तान की बात कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जागरूक जनता है पेट्रोल, सिलेंडर, खाद्य तेल के आसमान छूते दामों आदि के मद्देनजर प्रदेश की जनता ने बीते उपचुनाव में पूरे देश को रास्ता दिखाया है तो भाजपा को करारा सबक भी सिखाया है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जनता आवाज को दबाने की कोशिश करी है। लिहाजा उपचुनाव में मत के द्वारा एक बड़े जनादेश ने भाजपा को सबक सिखाया है। चुनाव में मुख्यमंत्री के द्वारा महंगाई पर हार की बात पर किए गए सवाल के जवाब में सुक्खू ने कहा कि मुख्यमंत्री को पता था कि महंगाई से जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जब सरकार थी और महंगाई आसमान छू रही थी तो हमने राशन के माध्यम से सस्ता राशन जनता तक पहुंचाने की कोशिश करी थी। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री मान रहे हैं कि महंगाई थी तो उन्हें महंगाई को कंट्रोल करना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि बीते उपचुनाव में उन्होंने दो दिग्गज नेताओं को खोया है बावजूद उसके मुकेश अग्निहोत्री, कुलदीप राठौर, आशा कुमारी, कौल सिंह ठाकुर, राजेंद्र सिंह राणा आदि ने पूरी एकजुटता के साथ सत्ता का सेमीफाइनल बड़े अच्छे मार्जिन से जीता है।