शैलेश सैनी। नाहन
2022 में हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार का इलाज प्रदेश का किसान करेगा। यह बात बुधवार को दोपहर बाद नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी राकेश टिकैत ने कही।
उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की सरकार है ही नहीं। यहां तो बहुराष्ट्रीय कंपनियों की सरकार चल रही है। यही नहीं देश में कैमरे और कलम पर बंदूक का पहरा बैठा हुआ है।
उन्होंने कहा कि दो करोड़ रोजगार के वादे गायब हुए। सारे विभाग गए और पूरा देश बिक गया है। देश की भाजपा सरकार निजीकरण पर उतारु है।
टिकैत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बागवानी पर अडानी का शिकंजा कसा हुआ है। यहां के किसान और बागवान को जो उनके फसल और फल का लाभ और भौगोलिग परिस्थितियों के अनुसार नुकसान का खामियाजा भुगतना पड़ता है उसकी भरपाई भी भाजपा सरकार करने में असमर्थ है।
टिकैत ने पौंग बांध के विस्थापितों के मुददे के साथ-साथ मंडी जिला में बनाई जा रही हवाई पट्टी के लिए एक्वायर की गई जमीन के मुआवजे पर भी सवालिया निशान लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रदेश सरकार द्वारा केवल गिनी चुनी जगह पर ही गेहूं खरीद केंद्र खोले हैं। इससे पहले नाहन पर पहुंचने पर टिकैत का भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।