राजीव भनोट। ऊना
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं हिमुडा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस राजनीति करने का प्रयास कर रही है, जो कि कांग्रेस को शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जमीन खिसकती हुई बचाने में नाकाम साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को केंद्र व प्रदेश सरकार पर आरोप लगाने के स्थान पर यह आत्मचिंतन करना चाहिए कि जनता ने कांग्रेस को क्यों नकार दिया है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस जिसके पास 400 सांसद होते थे, वह कांग्रेसी आज अगर 60 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पा रही है तो अपनी कमियों को देखे। उन्होंने कहा कि इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बेहतर काम कर रही है।
प्रवीण शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री केवल सुर्खियां बटोरने का काम कर रहे हैं। उन्हें कांग्रेस के भीतर की हालत देखनी चाहिए जहां कभी लंच तो कभी डिनर डिप्लोमेसी हो रही है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस सत्ता में नहीं है और कांग्रेस में इस्तीफों की झड़ी लगी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री केवल आलोचना के लिए आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार ने बेहतर कार्य कोरोना संकट के दौरान जनता को राहत देने का किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता सरकार के काम से खुश है, भारतीय जनता पार्टी व सरकार को नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री से सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हालत शीशे के घर जैसी है। उसे दूसरों के घर पर पत्थर फेंकने से पहले अपने घर की ओर देखना चाहिए।
जल्द भाजपा अध्यक्ष मिलेगा
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी में नए पार्टी अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में कभी भी पद मांगा नहीं जाता है, यह जिम्मेदारी होती है। जिसे पार्टी का नेतृत्व देगा, वह पूरी क्षमता के साथ उस जिम्मेदारी को निभा कर भारतीय जनता पार्टी को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि जल्द ही भारतीय जनता पार्टी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। एक सवाल के जवाब में प्रवीण शर्मा ने कहा कि मैं किसी रेस में नहीं हूं। यहां पार्टी जिम्मेदारी देती है, जिसे भी देगी, हम सब उसका कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगे।