अनूप शर्मा। बिलासपुर
प्रदेश खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिंद्र गर्ग ने रविवार को कोविड-19 की इस संकट की घड़ी में घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी।
उन्होंने भाजपा के कार्यक्रम सेवा ही संगठन के तहत जरूरतमंद लोगों तक मास्क व सेनिटाइजर पहुंचाने के लिए घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केंद्रों में बूथ अध्यक्षों व ग्राम केंद्र प्रमुखों को मास्क व सेनिटाइजर वितरित किए। उन्होंने 12 ग्राम केंद्रों के 53 बूथों के बूथ अध्यक्ष को मास्क व सेनिटाइजर वितरित किए।
इनमें ओहर, भगेड़, अमरपुर, शहरी इकाई घुमारवीं, दाबल, कोठी, मेहरन, करलोटी, टकरेडा, तलाओ, पट्टा व कपाहड़ा ग्राम केंद्रों में मास्क व सेनिटाइजर वितरित किए।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस मुश्किल घड़ी में जरूरतमंद लोगों तक यह सामग्री पहुंचाएं, ताकि वे इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने स्तर पर घर-घर में जाकर लोगों से पूछताछ करें, उनका कुशलक्षेम जानें और यदि किसी परिवार में कोई व्यक्ति बाहर सामान लेने नहीं जा सकता है तो कार्यकर्ता उस परिवार तक आवश्यक सामान पहुंचाने में उनकी मदद करें। इस दौरान उन्होंने कोठी में सस्ते राशन के डिपो का निरीक्षण किया।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, महामंत्री राजेश शर्मा, कोषाध्यक्ष पुरषोत्तम शर्मा, कैप्टन सुरजीत, भाजयुमो अध्यक्ष सौरभ ठाकुर व वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन वर्मा मौजूद रहे।