हिमाचल दस्तक ब्यूरो। सुंदरनगर
आजकल शहर के नगर परिषद के वार्डों को सुंदर बनाने के लिए अथक प्रयास किया जा रहा है। इसी को लेकर नप अध्यक्ष जितेंदर शर्मा सुबह ही भ्रमण पर निकल जाते हैं। इसी के तहत पिछले 2 दिनों से उन्होंने शहर के वार्डों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
पर्यावरण दिवस पर चांदपुर की डंपिंग साइट पर विशेष आयोजन करने की तैयारी भी करने पहुंचे, जहां वह शनिवार को चांदपुर डंपिंग साइट पर पार्षदों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। अध्यक्ष की इस मुहिम से जहां शहर के आमजन में खुशी है, वहीँ विकास कार्यों को भी गति मिली है।
नगर परिषद सुंदरनगर के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद ने सबसे पहले बाड़ी वार्ड का निरीक्षण किया। उसके बाद दोपहर को रस्मई-रिड़ा सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अंबेडकर नगर में वार्ड पार्षद के साथ शौचालय का निर्माण का निरीक्षण किया। डंपिंग साइट में पर्यावरण दिवस की तैयारी हेतु व्यवस्था को जांचा और सुखदेव वाटिका का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने वाटिका की सफाई व्यवस्था को देखा और उसे सुंदर बनाने के आदेश दिए। आखिर में वनायक में वार्ड पार्षद के साथ वार्ड का निरीक्षण किया। नप अध्यक्ष की यह कार्रवाई सुबह से शाम तक सभी वार्डों में चली।
निरीक्षण करने के बाद उन्होंने तय किया कि किस वार्ड में क्या-क्या कमी रह गई है। उन्होंने कोरोना आपदा के दौरान सेनिटाइजेशन की क्या रिपोर्ट है, उसको भी जांचा और जहां जरूरत थी, वहां होम आइसोलेशन किट बांटी और इस बारे में अपनी सहमति जताई कि सभी वार्डों में पार्षदों के द्वारा अच्छा कार्य हो रहा है।
जिस तरह हर वार्ड मे कोरोना के प्रति जागरूकता आई है, उस तरह से जल्दी ही सुंदरनगर शहर से कोरोना खत्म हो पाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के समय में जो कमियां रही हैं, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा।