- 26 को कुमार हाउस में धरना देंगे तकनीकी कर्मचारी
- नोटिस के बाद भी नहीं बुलाए वार्ता के लिए कर्मचारी
- मांगपत्र की कई मांगों पर नहीं हुआ फैसला, नाराजगी बढ़ी
विशेष संवाददाता। शिमला
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ के शीर्ष पदाधिकारियों की बैठक प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मण कपटा की अध्यक्षता में संघ कार्यालय काली बाडी में हुई। इस बैठक में विशेष रूप से विद्युत बोर्ड प्रबन्धक वर्ग को दिये गए 15 दिन के नोटिस बारे विस्तार से चर्चा की गई जिसकी अवधि 25 अगस्त को समाप्त हो रही है।
बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने वार्ता के लिए न बुलाने पर बोर्ड प्रबन्धक वर्ग की कड़ी निन्दा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब तकनीकी कर्मचारी संघ बोर्ड प्रबन्धक वर्ग की गलत नीतियों के खिलाफ 26 अगस्त को कुमार हाऊस शिमला में एक दिन का सांकेतिक धरना देगी।
तकनीकी कर्मचारियों (Technical workers) की मांगों को लेकर एक 54 सूत्रीय मांग पत्र बोर्ड प्रबन्धक वर्ग को 17.06.2022 को सोंपा गया था। इसके उपरान्त एक स्मरण पत्र बोर्ड प्रबन्धक वर्ग को सोंपा गया था जिसमें तकनीकी कर्मचारी संघ को वार्ता का समय देकर कर्मचारियों की मागों पर चर्चा करके उनके समाधान करने के लिए आग्रह किया गया।
परन्तु बोर्ड प्रबन्धक वर्ग का तानाशाही रवैया देखते हुए तकनीकी कर्मचारी संघ को विवश होकर 26.08.2022 को बोर्ड मुख्यालय कुमार हाऊस में धरना रखना पड़ा। इस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस धरने में तकनीकी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी भाग लेंगे क्योंकि प्रदेश में अत्यधिक वर्षा के कारण कई जिलों में विद्युत आपूर्ति ठप्प होने के कारण तकनीकी कर्मचारी प्रदेश भर में विद्युत आपूर्ति को सुचारू से बहाल करने में लगे हुए हैं।
सर्व कर्मचारी महासंघ का गठन
इस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्युत बोर्ड में सर्व कर्मचारी महासंघ का गठन किया जायेगा। इसके साथ ही सभी प्रदेश पदाधिकारियों ने विद्युत बोर्ड में 2014 से जो जूनियर शब्द, जूनियर टी मेट और जुनियर हेल्पर कैटागिरी के साथ लगा था उसके खत्म करने पर मुख्यामंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया गया।