-
परियोजना के मुख्यालय परिसर में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की उठने लगी मांग
रमेश शर्मा। रामपुर बुशहर
नाथपा झाकड़ी विद्युत हाइड्रो स्टेशन झाकड़ी के मुख्यालय परिसर झाकड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठ रही है।
गौर हो कि वीरभद्र सिंह की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि देश की सबसे बड़ी 1500 मेगावाट की नाथपा झाकड़ी विद्युत परियोजना आज सामने है। ये रामपुर क्षेत्र ही नहीं बल्कि देश व प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
बताते चलें कि राजा साहब जब सांसद थे तो उनके मन में विचार आया था कि सतलुज नदी के जल का किस प्रकार उपयोग किया जाए। इस नदी के पानी से बिजली उत्पादन का विचार उनके मन में आया, जिस पर उन्होंने रूपरेखा बनाकर इस कार्य को अंजाम भी दिया और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी से इस परियोजना का शिलान्यास भी करवाया।
आज इस परियोजना से उत्पन्न होने वाली बिजली से प्रदेश ही नहीं, देश के 9 राज्य इसकी बिजली से जगमगा रहे हैं। नाथपा झाकड़ी परियोजना से उत्पन्न बिजली का 12% रॉयल्टी के रूप में पैसा प्रदेश सरकार को मिलता है, जो कि प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके अतिरिक्त करोड़ों रुपये भी प्रदेश व देश के खजाने में जाते हैं और परियोजना से प्रभावित हुए क्षेत्र के विकास को भी बिजली उत्पादन के पैसे विकास को मिलते हैं। आज सतलुज बेसिन में भी कई विद्युत परियोजनाएं बनी हैंl लुहरी विद्युत परियोजना निर्माणाधीन हैं, जिनसे देश और प्रदेश के खजानों को भारी फायदा होगा।