संगड़ाह : जय प्रकाश।
हिमाचल प्रदेश खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर तथा केंद्रीय हाटी समिति अध्यक्ष डॉ अमीचंद कमल आदि का बुधवार को संगड़ाह में विभिन्न संगठनों के लोगों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गिरिपार को अनुसूचित जनजाति दर्जे की दशकों पुरानी मांग को लेकर हिमाचल सरकार के प्रस्ताव को स्वीकृत दिलाने के लिए समिति की स्थानीय इकाई, व्यापार मंडल व भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन लोगों का धन्यवाद किया। बुधवार सांय संगड़ाह पहुंचने पर उक्त नेताओं का मालाओं के साथ अभिनंदन किया गया और हाटी समिति तथा भाजपा के समर्थन में जनकर नारेबाजी की गई।
इस दौरान हाटी समिति महासचिव कुंदन शास्त्री, समिति के पहले अध्यक्ष डॉ रूप कुमार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रताप तोमर, मंडल उपाध्यक्ष विजेंद्र शर्मा, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकुर व पूर्व बीडीसी सदस्य हीरापाल शर्मा सहित कईं गणमान्य लोग मौजूद रहे। हाटी समिति पदाधिकारियों ने कहा कि, हिमाचल सरकार द्वारा भेजी गई गिरिपार संबंधी प्रपोजल को आरजीआई द्वारा स्वीकार किया जा चुका है। गौरतलब है कि, वर्ष 1967 में साथ लगते तत्कालीन यूपी के जौंसार क्षेत्र को अनुसूचित जनजाति दर्जा दिए जाने के बाद से लगातार गिरिपार वासी भी जनजातिय दर्जे की मांग कर रही है और तब से हर विधानसभा व लोकसभा चुनाव के दौरान करीब 150 पंचायतों मे यह मुद्दा जोर पकड़ता है।