जितेंद्र गुप्ता। आनी
रविवार और सोमवार को आनी क्षेत्र में जमकर बर्फबारी होने से जहां क्षेत्र के सेब बागवानों और किसानों में खुशी की लहर है, वहीं जनजीवन भी अस्तव्यस्त हो गया है। सैंज-आनी-ओट एनएच 305 वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह ठप हो गया है।
पीडब्ल्यूडी के निरमंड डिवीजन के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि निरमंड मंडल के तहत खनाग, जाओं, चवाई, दलाश, जाबो, करशाला, कंडा कतमोर, बागा सराहन करीब 13 सड़कें बंद पड़ी हैं। इन्हें खोलने का काम चला हुआ है।
वहीं एचआरटीसी के आनी अड्डा इंचार्ज रमेश गुप्ता ने बताया कि आनी क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण रूटों पर बर्फबारी के चलते बस सेवाएं और यातायात प्रभावित है। आनी बस सब डिपो से चलने वाले 58 रूटों में रामपुर के तीन रूटों और सेरी रुट पर ही दोपहर तक बस सेवाएं जा सकी, जबकि करीब 40 रूट प्रभावित हैं। बर्फबारी के कारण दलाश, जाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब 6 बसें फंसी हैं। वहीं विद्युत मंडल आनी के तहत अधिकांश क्षेत्र कई घंटों से ब्लैक आउट हुए पड़ा है।
विद्युत मंडल आनी के 96 ट्रांसफॉर्मर पड़े ठप
विद्युत मंडल आनी के अधिशासी अभियंता विजय ठाकुर ने बताया कि विद्युत मंडल आनी के तहत आनी निरमंड क्षेत्र के करीब 96 ट्रांसफॉर्मर ठप पड़े हैं। जिनमें बागीपुल फीडर के 10, अरसू फीडर के 6, दलाश फीडर के 23, निथर फीडर के 21, खनाग फीडर के 15, आनी फीडर के 12 और शवाड फीडर के 9 ट्रांसफार्मर ठप हैं। इनको ठीक करने का काम जोरों पर जारी है। बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के कारण कई क्षेत्रों में पानी की पाइपलाइन भी जम गई है।