अशोक ठाकुर: पठानकोट।
शहर के सैली रोड निवासी युवती ने शादी के 20 दिन बाद ही ससुराल में फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। लड़की के पिता ने पति पर तंग परेशान करने के आरोप लगाए जिसके चलते थाना 2 पुलिस ने पति गौरव पर मामला दर्ज किया है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय शायना के तौर पर हुई है। शायना के पिता सैनगढ़ निवासी सुनील कनौत्रा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी इसी साल 7 फरवरी को सैली रोड निवासी गौरव के साथ हुई थी।
पिता ने आरोप लगाया कि शायना का पति गौरव उसे तंग परेशान करता था। शादी के बाद से ही दोनों में अनबन रहती थी। जिसके चलते दोनों परिवारों ने बैठकर मसला सुलझाया। लेकिन, अब गौरव उसे ज्यादा तंग करने लगा था। जिसके चलते शायना ने बीती रात कमरे में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत मिलने पर शायना के पति गौरव पर आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। जहां सोमवार को पोस्टमार्टम करवा शव वारिसों को सौंप दी जाएगी।