हिमाचल दस्तक। ऊना
मिशन 2022 को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते पिछले लंबे अरसे से भाजपा ऊना मंडल की विर्चुअली बैठकें ही हो पाई हैं, लेकिन अब पाबंदियों में छूट मिलने के बाद भाजपा ऊना मंडल की एक्चुअली बैठक आयोजित की गई। इसमें छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सतपाल सत्ती ने ऊना मंडल के सभी मोर्चों, प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को मिशन रिपीट 2022 को लेकर जरूरी टिप्स दिए। सत्ती ने पदाधिकारियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए। सत्ती ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस नेता और नीति विहीन पार्टी बनकर रह गई है और कांग्रेस के सभी नेता सीएम या अध्यक्ष बनने के सपने देख रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के बाद अब प्रदेश में मंडल स्तर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में मिशन रिपीट का नारा लेकर आगे बढ़ रही भाजपा इन बैठकों के जरिये भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने पर बल दे रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस में चल रही उठापटक को लेकर सत्ती ने कहा कि वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस नेता और नीतिविहीन पार्टी बन गई है क्योंकि कांग्रेस कैडर आधार नहीं बल्कि नेता आधारित पार्टी रही है।
सत्ती ने कहा कि कांग्रेस का हर नेता अपने आप को कांग्रेस का अध्यक्ष या मुख्यमंत्री बोल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की क्या स्थिति होगी, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।