राजीव भनोट : ऊना
वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रम के बाद ‘हिमाचल दस्तक’ से विशेष बातचीत में कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन से निकले और असंगठित लोग सत्ता के लिए अलग-अलग विचारों से संगठित हो रहे हैं और मूल लोगों को निकाल दिया गया है।
केवल सत्ता इनके लिए लालच हो गया है, यह राजनीतिक ठग हो गए हैं, जो लोगों को फ्री का झांसा देकर जाल में फंसाते हैं और फिर दिल्ली व पंजाब की तरह केंद्र सरकार को कोसने और बजट मांगने का काम करते हैं। सत्ती ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बताएं कि दिल्ली में क्यों वह निर्णय लागू नहीं हुए जो वह वादे पंजाब में करके आए। पंजाब में बिजली माफी का जो निर्णय करने की बात कही थी वह क्यों नहीं हुआ। सत्ती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारों, कार्यकर्ता व संगठन की पार्टी है।
हम कहते हैं कि जरूरतमंद को बेहतर सुविधा नि:शुल्क सुविधा मिलनी है तो उसे कल्याणकारी सरकार में दिया जाना चाहिए। अपनी जेब में से भी हम उसकी मदद कर सकते हैं, लेकिन जिसे जरूरत नहीं है उसे हम सस्ता दें नि:शुल्क क्यों आदत डालनी है। श्रीलंका सहित अनेक ऐसे देशों के उदाहरण हैं, जो आर्थिक कंगाली की ओर चले गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भी चले, राजनीति भी चले, लेकिन जनता के साथ वादे वो ही हों जो पूरे किए जा सकें। केवल सत्ता के लालच में वादे कर देना, अच्छी परंपरा नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी पंजाब के बाद हिमाचल में भी पैर पसारने का काम कर रही है, देवभूमि है, सबका स्वागत है। सबका लोकतंत्र में अधिकार है कि अपने दल को आगे बढ़ाएं। मंडी में कोई जलवा दिखाने में आप पार्टी कामयाब नहीं हुई है। कुछ अति उत्साही लोग हैं, महत्वाकांक्षा से प्रेरित होते हैं, वह दलों को छोड़कर के निश्चित रूप से गए हैं, लेकिन उन दलों में भी उनकी क्या स्थिति होगी, यह कहा नहीं जा सकता।
सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार ने सराहनीय निर्णय किए हैं। कल्याणकारी योजनाएं देने और हिमाचल को आगे ले जाने का काम किया है और केंद्र सरकार की ओर से भी बड़ी-बड़ी योजनाएं हिमाचल प्रदेश को मिली हैं। जनता देख रही है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार काम कर रही है और आने वाले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी अच्छे बहुमत से रिपीट कर फिर से सरकार बनाएगी।
शिमला नगर निगम जीतेंगे
भाजपा के पूर्व राज्य अध्यक्ष व शिमला नगर निगम के लिए भाजपा के प्रभारी टीम के नेता सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि हमें जनता ने मौका दिया। साल में बेहतर काम करने का प्रयास नगर निगम में भाजपा के पार्षदों ने किया है। अनेक योजनाएं विकास की शिमला नगर निगम में लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से हम आने वाला नगर निगम का चुनाव जीतेंगे।