हिमाचल दस्तक ब्यूरो : सुंदर नगर।
सुंदर नगर उपमंडल मे बेलगाम और कानून से बेपरवाह लोग इलाके का नाम बदनाम कर रहे है। पुलिस थाना सुंदरनगर के ध्वाल क्षेत्र में एक रसूखदार व्यक्ति बंदूक लेकर आधी रात को एक महिला के कमरे में घुस गया और उसके साथ हाथापाई और छेड़छाड़ करने लगा। जब महिला ने शोर मचाया, तो घर के अन्य लोग भी जाग गए। जब उन्होंने आरोपी को वहां से जाने को कहा, तो उसने उन पर भी बंदूक तान दी। इस घटना के बाद पूरा परिवार सहमा हुआ है।
पीड़ित महिला ने थाना सुंदरनगर में इस घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें उसने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ बंदूक की नोक पर छेड़छाड़ की है और गलत काम करने की कोशिश की है। उसने पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया पुलिस ने आरोपी शादी लाल पुत्र चंदू राम निवासी ध्वाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला का बयान न्यायालय के समक्ष दर्ज करवा दिया गया है।