राजीव भनोट/कौशल। अंब (ऊना)
उपमंडल अंब के तहत पड़ते गांव सपौरी में दंपति एक साथ भगवान को प्यारे हो गए। दंपति की पहचान घमंडी राम 95 वर्षीय व चिंती देवी 85 वर्षीय के रूप में हुई है।
आपको बता दें कि मंगलवार सुबह 4 बजे घमंडी राम जैसे ही भगवान को प्यारे हुए, तो पति को मृत देखते ही पत्नी ने भी उसी वक्त अपने प्राण त्याग दिए।
गांववासियों ने बताया कि ये दोनों आपस में इतना प्रेम करते थे कि एक पल भी अलग नहीं रहते थे। बेहद गरीब होने के बावजूद उन्हें किसी से कोई भी गिला शिकवा नहीं था। उनकी एक बेटी ही है जो उनकी देखभाल करती थी। अपने माता-पिता को एक ही साथ संसार को छोड़ते हुए उस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शमशानघाट पर दोनों की चिता एक साथ बनाई गई व एक ही चिता पर दोनों को मुखाग्नि उनके दामाद ने दी। दोनों को एक साथ इस संसार से विदा होते देख हर कोई हैरान है कि यहां पति-पत्नी में लड़ाई-झगड़े होते हैं लेकिन इस दंपति ने एक-दूसरे के साथ मरते दम तक नहीं छोड़ा।