नई दिल्ली (भाषा) : महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों से नाराज एक युवती ने राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह संसद के बाहर फुटपाथ पर बैठ धरना दिया।
युवती की पहचान अनू दुबे के तौर पर हुई है, जो हाथ में एक तख्ती लिए बैठी थी, जिस पर लिखा था मैं अपने भारत में सुरक्षित क्यों नहीं महसूस करती। पुलिस ने उसे जंतर मंतर जाकर प्रदर्शन करने को कहा लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद उसे पुलिस उसे अपनी गाड़ी में संसद मार्ग स्थित थाने ले गई। इस दौरान युवती की आंखे नम थी। उन्होंने बताया कि कुछ अधिकारियों ने युवती की बात सुनी और उसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
गौरतलब है कि 27 वर्षीय महिला का झुलसा हुआ शव गुरुवार को हैदराबाद के पास एक पुलिया के नीचे मिला था। उसे जलाने से पहले उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। इससे पहले रांची में 25 वर्षीय एक महिला के साथ हथियारों से लैस कुछ पुरुषों के समूह के सामूहिक बलात्कार करने की घटना सामने आई थी। महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों ने देश को हिला दिया है।