- विपिन परमार ने जन प्रशासन समिति का अध्यक्ष बनाया
- आशा लोक लेखा समिति, प्राक्कलन समिति धवाला देखेंगे
- विधानसभा अध्यक्ष संभालेंगे 6 समितियों की जिम्मेदारी
हिमाचल दस्तक ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने अगले साल के लिए अपनी समितियों की घोषणा कर दी है। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 16 समितियों का गठन नए सिरे से किया गया है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण लोक लेखा समिति की अध्यक्ष कांग्रेस की वरिष्ठ विधायक आशा कुमारी होंगी।
वह पहले से ही यह समिति देख रही हैं। लेकिन भाजपा विधायक होने के बावजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले मंडी के विधायक अनिल शर्मा को विधानसभा ने जन प्रशासन समिति की जिम्मेदारी दी है। प्राक्कलन समिति यानी ऐस्टीमेट कमेटी को भाजपा के वरिष्ठ विधायक रमेश धवाला और लोक उपक्रम समिति को भाजपा विधायक कर्नल इंद्र सिंह देखेंगे। कल्याण समिति भाजपा विधायक बलबीर सिंह की अध्यक्षता में बनाई गई है, जबकि अधीनस्थ विधायन समिति भाजपा विधायक नरेंद्र ठाकुर की अगुवाई में काम करेगी।
चौपाल के विधायक बलवीर सिंह वर्मा मानव विकास समिति के अध्यक्ष होंगे और करसोग के विधायक हीरालाल सामान्य विकास समिति का काम संभालेंगे। इसी प्रकार भाजपा विधायक बिक्रमसिंह जरियाल ग्रामीण नियोजन समिति जबकि विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष होंगे। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार को करीब 6 कमेटियों का काम खुद देखना होगा।
इनमें सदस्य सुविधा समिति, कार्य सलाहकार समिति, नियम समिति, आचार संहिता समिति, पुस्तकालय अनुसंधान एवं संदर्भ समिति और ई गवर्नेंस समिति शामिल हैं। इन सभी में विपिन परमार सभापति होंगे। इस बारे में विधानसभा सचिव यशपाल की ओर से अधिसूचना जारी हुई है।